Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक​​​​​​​ के मंदिर में गौशाला की गुल्लक रखने पर विवाद: रिवाल्वर लेकर गोली मारने दौड़ा आरोपी, जान से मारने की दी धमकी

रोहतक के हुड्‌डा सिटी पार्टी स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में गौशाला की गुल्लक रखने को लेकर विवाद हो गया। सोमवार सुबह मंदिर में रखे गुल्लक कटे हुए मिले। जब गौशाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी मंदिर में पहुंचे तो वहां आरोपी ने पहले झगड़ा किया और फिर रिवाल्वर निकालकर गोली मारने के लिए दौड़ा। जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

रोहतक के राजीव गांधी खेल स्टेडियम के पास बनी गोशाला की जनरल सेक्रेटरी पुष्पा राणा ने बताया कि हमने गौशाला की गुल्लकों को हुड्‌डा सिटी पार्टी स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में रखवाया था। इन गुल्लक को कुछ दिन पहले खाली कर दिया था। आज सुबह गार्ड का फोन उनके पास आया कि गुल्लक भरी हुई हैं, इन्हें आकर देख लें। मंदिर में जाकर देखा तो गुल्लक कटी हुई थी और गुल्लक पर काफी निशान लगे हुए थे। उन्होंने कहा कि यह गुल्लक करीब 136 किलो की है, जिसे कोई एक व्यक्ति नहीं उठा सकता।

उन्होंने कहा कि मंदिर के अंदर जाकर पुजारी को ढूंढा तो वे नहीं मिले। एक दिव्यांग महिला बाहर आई। उससे पुजारी के बारे में पूछा। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति आया और कहने लगा कि मुझे बताओ। इस पर पुष्पा राणा ने कहा कि उन्हें पुजारी से बात करनी है, मैं आपको जानती तक नहीं। पीड़िता ने कहा कि आरोपी व्यक्ति उसके साथ बहस करने लगा और कहा कि मंदिर के अंदर गुल्लक नहीं रखे जाएंगे।

पुष्पा राणा ने कहा कि आरोपी ने गाली-गलौज की और रिवाल्वर दिखाने लगा। इसी दौरान आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। आरोपी ने रिवाल्वर निकालकर डराने व गोली मारने का प्रयास किया। लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया, इसलिए फायरिंग नहीं हो पाई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी।

Exit mobile version