Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में इंजीनियर ने मां को चाकू से गोदा:शिवपुरी इलाके में हुई वारदात CCTV में कैद- नौकरी छूटने से था परेशान; महिला की हालत गंभीर

गुरुग्राम में एक इंजीनियर ने अपनी ही मां को चाकू से गोद डाला। एक-दो नहीं, बल्कि आधा दर्जन से ज्यादा वार किए और फिर फरार हो गया। बीच सड़क हुई दिल दहला देने वाली यह वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुरी इलाके में रहने वाली वीना भंडारी (65) स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड हैं। उनका एक बेटा मनीष भंडारी पेशे से इंजीनियर है। गुरुवार की रात मनीष घर के बाहर खड़ा था। कुछ ही कदम की दूरी पर उसकी मां खड़ी थीं। कुछ देर दोनों ने आपस में बात की और फिर मनीष ने अपनी मां पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए।

मां को बुरी तरह चाकू से गोदकर मनीष मौके से फरार हो गया। सड़क के बीच लहुलुहान पड़ी वीना भंडारी के चिलाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने CCTV चैक किए तो पता चला कि वीना पर किसी और ने नहीं, बल्कि उसके बेटे ने ही चाकू से हमला किया है।

आरोपी मनीष भंडारी की शादी हो चुकी है। उसके बच्चे भी हैं। कोरोना काल से पहले वह एक नामी कंपनी में इंजीनियर था, लेकिन लॉकडाउन की वजह से उसकी नौकरी चली गई थी। नई नौकरी की तलाश में वह काफी धक्के खाता रहा, पर नौकरी नहीं मिली। बताया जा रहा है कि इसके चलते वह परेशान चल रहा था। अकसर उसकी पैसों को लेकर अपनी मां के साथ अनबनी होती रहती थी।

गुरुवार की रात साढ़े 9 बजे भी वह स्कूटी के पास खड़ा होकर अपनी मां से बात कर रहा था। हालांकि बातचीत के बाद ऐसा क्या हुआ कि उसने चाकुओ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, यह तो आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन इस सनसनी फैला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Exit mobile version