रोहतक के एक सातवीं क्लास के नाबालिग छात्र का शव झज्जर के गांव अकेडी मदनपुर पंप हाउस पर मिला हैl अकेडी मदनपुर पंप हाउस पर शव मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया l
शव की पहचान 12 वर्षीय अनिकेत पुत्र मोनू निवासी न्यू जनता कॉलोनी रोहतक शहर के रूप में की गई है l मृतक अनिकेत अपने बड़े भाई हिमांशु और दोस्तों के संग 7 अप्रैल को रोहतक के पास से गुजरने वाली नहर में नहाने के लिए गया था l मृतक का भाई हिमांशु नहर में नहाते समय डूबने लगा तो अपने भाई को बचाने के लिए अनिकेत भी नहर में उतर गया था। लेकिन अनिकेत अपने भाई हिमांशु को बचाने के प्रयास में भाई के साथ खुद भी डूब गया थाl
हिमांशु का शव 11 अप्रैल को सर्च अभियान के बाद रोहतक पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया था और अनिकेत के शव की तलाश की जा रही थी। 24 अप्रैल देर शाम झज्जर के अकेडी मदनपुर पंप पर अनिकेत का शव मिला l मृतक अनिकेत सातवीं क्लास का छात्र था और उसका भाई हिमांशु दसवीं क्लास में पढ़ता था l
अनिकेत के पिता मेहनत मजदूरी करने का काम करता है l परिवार में दो ही बेटे थे, अनिकेत और हिमांशु l झज्जर के साल्हावास थाने से आई जांच अधिकारी एसआई जोगिंदर ने जानकारी देते बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अकेडी मदनपुर पंप हाउस पर एक नाबालिग बच्चे का शव मिला है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया था। वहीं आज परिजन के आने के बाद पुलिस ने इस मामले में मृतक अनिकेत के पिता मोनू के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों के हवाले किया गया है l

