Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पाकिस्तान को 12 गेंदों में चाहिए 44 रन, जसप्रीत बुमराह बॉलिंग करने आए

 आज भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट स्पर्धा का फाइनल खेला जा रहा। दोनों टीमों की निशिन सिटी के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में टक्कर हो रही है। भारत ने पाकिस्तान के सामने 212 रनों का टारगेट रखा है। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने सधी शुरुआत की। कप्तान साहिबजादा फरहान (11 गेंदों में 10) और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। यह साझेदारी वॉशिंगटन सुंदर ने चौथे ओवर में फरहान को पवेलियन भेजकर तोड़ी। जल्द ही पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 39 हो गया। अक्षर पटेल ने पांचवें ओवर में विकेटकीपर उसमान खान (6 गेंदों में 3) और सातवें ओवर में सदाकत का शिकार किया। सदाकत ने 18 गेंदों में 23 रन बनाए, जिसमें तीन चौके हैं। इसके बाद, हसन नवाज और सईम अयूब ने चौथे विकेट के लिए 87 रनों की पार्टनरशिप की। अयूब को शिवम दुबे ने 15वें ओवर में अपने जाल में फंसाया। उन्होंने 22 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन जुटाए।

इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 211 रन जुटाए। यह भारत का T20I में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। वैभव सर्यवंशी 9 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें दो सिक्स हैं। उन्हें तीसरे ओवर में सईम अयूब ने पवेलियन भेजा। सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ 28 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। संजू सैमसन (4 गेंदों में 2) भी सस्ते में लौटे। उन्हें अहमद दानियाल ने चौथे ओवर में आउट किया।

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों में तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। अभिषेक को अराफात मिन्हास ने आठवें ओवर में स्टंप आउट कराया। अराफात ने 14वें ओवर में ईशान किशान (18 गेंदों में 20, तीन चौके) का शिकार किए। ईशान ने अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। भारत को पांचवां झटका अय्यर के रूप में लगा। उन्होंने 24 गेंदों में दो चौकों के जरिए 21 रन बटोरे। उन्हें अबरार अहम ने 15वें ओवर में अपना शिकार बनाया। अय्यर जब लौटे, तब भारत का स्कोर 133 था। इसके बाद, शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने तूफानी बैटिंग की। दोनों ने छठे विकेट लिए 30 गेंदों में 62 रन जोड़े। दानियाल ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर दुबे को आउट किया। उन्होंने 15 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की बदौलत 27 रन की पारी खेली। उपकप्तान तिलक 22 गेंदों में 51 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने तीन चौके और चार छक्के ठोके। भारत ने आखिरी चार ओवर में 69 रन बटोरे।

भारत की प्लेइंग XI: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमर

पाकिस्तान की प्लेइंग XI: साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सईम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, साद मसूद, अबरार अहमद, सुफियान मुकीम।

Exit mobile version