मोहाली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने कथित तौर पर 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। रकम नहीं देने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले में मोहाली के साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है।

AAP विधायक जरनैल सिंह को आया धमकी भरा फोन
शिकायत के अनुसार, दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह को 6 नवंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और वॉट्सऐप मैसेज आया था।
वॉट्सऐप प्रोफाइल पर आरोपी का नाम ”~ $H” दिखाई दे रहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया और अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये देने का संदेश पहुंचाने को कहा।
पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने कॉल और मैसेज के जरिए धमकी दी कि यदि 7 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दिया जाएगा।
धमकी मिलने के बाद विधायक जरनैल सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए मोहाली के SSP के पास लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
मोबाइल नंबर और लोकेशन ट्रेस करने की मांग
विधायक ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), IP लॉग और लोकेशन ट्रेस करने की मांग की है। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और अरविंद केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
राष्ट्रीय नेता की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
जरनैल सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि अरविंद केजरीवाल देश के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं और दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को इस तरह की धमकी मिलना गंभीर मामला है। उन्होंने इसे सार्वजनिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा खतरा बताया है।
मोहाली साइबर क्राइम पुलिस ने दर्ज किया केस
शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब धमकी देने वाले मोबाइल नंबर, कॉल और वॉट्सऐप संदेशों की जांच कर रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में लॉरेंस गैंग से जुड़ा है या गैंग के नाम का इस्तेमाल कर रहा था। इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
